दिवाली के मौके पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखों की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने आरोपी के पास से 30 गत्ते कार्टून पटाखों के बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिली थी कि त्योहार से पहले शहर में अवैध पटाखों की बड़ी खेप पहुंची है। इसी आधार पर पुलिस ने बैक्सन कॉलेज के पास छापेमारी की और मौके से आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दादरी के लक्ष्मीनगर निवासी सोनू पुत्र ज्ञानेंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि ये पटाखे दिवाली के दौरान ऊंचे दामों पर बेचने के लिए लाए गए थे। इस तरह के पटाखे न केवल कानून के खिलाफ हैं बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन पटाखों की सप्लाई कहां से हुई और इसमें और कौन-कौन शामिल है।
