दिवाली के त्योहार के मद्देनजर ग्रामीण इलाकों में मिठाइयों की बड़ी खपत को देखते हुए कुछ दुकानों और फैक्ट्रियों में मिलावटी और फंगस लगी मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में एसके पांडेय, ओपी सिंह और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने रमा शंकर की मिठाई निर्माणशाला पर छापा मारा। जांच के दौरान टीम ने मौके से फंगस लगी करीब 1100 किलोग्राम मिठाइयां जब्त कर नष्ट कर दीं। इन मिठाइयों को ग्रामीण दुकानों में सप्लाई किया जाना था।
इसके अलावा, टीम ने बूंदी के लड्डू, मोहन बर्फी, मोहन केक, मोहन पेड़, बत्तीसा और कच्ची बर्फी समेत छह नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। इसी दौरान सूरजपुर के लखनावली गांव स्थित वीरेंद्र नमकीन भंडार से नमकीन का एक नमूना लेकर करीब 38 किलोग्राम नमकीन सीज किया गया। चेहरपुर खादर स्थित रामाशीष स्वीट्स से भी पेड़ा का एक नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के समय मिलावटी और खराब सामग्री का इस्तेमाल होने से लोगों की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने दुकानदारों और निर्माताओं से साफ-सुथरी और सुरक्षित सामग्री का उपयोग करने की चेतावनी दी। इस कार्रवाई से यह संदेश गया कि त्योहारों के समय भी खाद्य सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और मिलावटी उत्पादों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
