नव वर्ष की पार्टी के दौरान 15वीं मंजिल से गिरकर प्रापर्टी डीलर मौत

बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक सोसाइटी में नव वर्ष की पार्टी के दौरान बालकनी से गिरकर एक प्रापर्टी डीलर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार विनीत (31) परिवार के साथ गोल्फ होम सोसाइटी में अपने दोस्त साथ रहते थे। बुधवार देर रात वह नव वर्ष की पार्टी के लिए अपने दोस्तों के फ्लैट में गए थे। वहां पार्टी के दौरान अचानक से करीब 2 बजे रात में वह फ्लैट की बालकनी की 15वीं मंजिल से नीचे सीधा प्रथम तल की टीन शेड पर आ गिरे। इससे उन्हें गंभीर चोट आई है। इलाज के लिए उन्हें पहले बिसरख स्थित सीएचसी ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार विनीत मूलरूप से सिवान बिहार के रहने वाले थे। उनके परिजन को सूचित कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मचा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टम़ॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पूछताछ में साथ में मौजूद युवकों ने बताया कि पार्टी के दौरान विनीत कब कमरे से निकलते हुए बालकनी में जा पहुंचे। किसी को कुछ पता ही नहीं चला। पार्टी के दौरान तेज आवाज में संगीत व शराब का सेवन करने की बात भी सामने आई है। हालांकि गिरने वाले युवक ने शराब का सेवन किया था या नहीं इसका पता पोस्टमॉर्टम के बाद पता चल पाएगा। मृतक के परिजन के बिहार से आने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला फ्लैट से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *