बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री नीना गुप्ता एक बार फिर अपने फैशनेबल अंदाज से सुर्खियों में आ गई हैं। 65 वर्ष की उम्र में भी नीना ने यह साबित कर दिया है कि स्टाइल और ग्लैमर उम्र का मोहताज नहीं होता। वह अपनी आगामी फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ के प्रमोशनल इवेंट में नजर आईं, जहां उनके लुक ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया और सोशल मीडिया पर उनकी चर्चा तेज़ हो गई।
प्रमोशनल इवेंट में नीना का स्टनिंग लुक
‘मेट्रो इन दिनों‘ की स्टारकास्ट के साथ आयोजित प्रमोशनल इवेंट में नीना गुप्ता ने ब्लू कलर की प्रिंटेड शॉर्ट ड्रेस के साथ एक स्टाइलिश श्रग कैरी किया। इस फैशनेबल लुक में वह बेहद आत्मविश्वास और ग्रेस के साथ नजर आईं। उनके साथ इवेंट में सारा अली खान ब्लैक आउटफिट में, फातिमा सना शेख पिंक ड्रेस में और कोंकणा सेन शर्मा ट्रेडिशनल पिंक साड़ी में शामिल हुईं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा नीना गुप्ता के लुक की रही।
सोशल मीडिया पर फैंस ने लुटाया प्यार
नीना गुप्ता के इस नए अवतार पर सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, “वह इस उम्र में भी बेहद खूबसूरत और स्टनिंग लग रही हैं।” वहीं दूसरे ने लिखा, “नीना जी की ड्रेस बेहद एलिगेंट है।” एक अन्य फैन ने कहा, “आप सबसे खूबसूरत हैं।” कुछ यूजर्स ने नीना और अनुपम खेर को सबसे बेहतर दिखने वाला जोड़ा भी करार दिया।
‘मेट्रो इन दिनों’ में नजर आएंगी दिग्गज कलाकार
फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’, जो 2007 की सुपरहिट फिल्म ‘लाइफ इन ए मेट्रो’ का सीक्वल है, 4 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। अनुराग बसु द्वारा निर्देशित इस मल्टीस्टारर फिल्म में नीना गुप्ता के साथ अनुपम खेर, सारा अली खान, फातिमा सना शेख, आदित्य रॉय कपूर, अली फज़ल और कोंकणा सेन शर्मा जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
