नोएडा पुलिस की मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, चोरी और लूट के मामलों का खुलासा

उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस और सर्विलांस टीम ने मुठभेड़ के बाद शहर में चोरी और लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे मौके पर पकड़ा गया, और उसके साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। कुछ दिन पहले ही इन बदमाशों ने ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल लूट की घटनाएं की थीं। पुलिस का कहना है कि दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड है और इसके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात सेक्टर-142 थाना क्षेत्र के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि हिंडन पुस्ता रोड के किनारे दो संदिग्ध लोग खड़े हैं। जब पुलिस वहां पहुंची, तो दोनों बदमाश ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल के साथ खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग भी की, लेकिन पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर दोनों को पकड़ लिया।

थाना सेक्टर-142 के प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश ने अपना नाम रोहित कुमार (25) बताया, जो कासगंज का रहने वाला है और फिलहाल थाना फेस-2 क्षेत्र के नयागांव में किराए पर रह रहा है। उसके साथी अनिल कुमार (22) को भी पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। वह बदायूं का रहने वाला है और इलाहाबास गांव में किराए पर रह रहा है।

पुलिस ने आरोपियों से एक ई-रिक्शा, हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक मोबाइल, दस हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, एक जिन्दा और एक खाली कारतूस बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल चोरी के हैं। मोटरसाइकिल के बारे में दिल्ली में केस दर्ज है। घायल आरोपी का इलाज चल रहा है, और उनके आपराधिक इतिहास की जांच हो रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *