चेन्नई से आकर पीजी और घरों में चोरी करने वाले एक बदमाश को नोएडा के सेक्टर-126 की पुलिस ने पकड़ा है। उसके पास से चोरी के तीन लैपटॉप, सात मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ है। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी का नाम सारधी है और वह तमिलनाडु का रहने वाला है।
सारधी ने हाल ही में सेक्टर-126 में छह चोरियां की थीं। पूछताछ में उसने अपने कई साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी चोर भी गिरफ्तार होंगे।
सारधी हिंदी नहीं समझता था, इसलिए पुलिस ने ट्रांसलेटर की मदद ली। उसने बताया कि चेन्नई से आने के बाद वह आनंद विहार के पास 20 दिन तक रुका था। उसका एक गैंग है, जो एनसीआर में चोरी करता है। ये लोग किराए पर मकान लेकर 20 दिन से 1 महीने तक रुकते हैं और चोरी के बाद चेन्नई लौट जाते हैं। अब तक सारधी 80 लैपटॉप और 150 मोबाइल चुराकर बेच चुका है। पुलिस इस गैंग की पूरी जानकारी जुटा रही है।
