नोएडा: बिना लाइसेंस शराब परोसने वाले रेस्टोरेंट पर छापा, दो गिरफ्तार, मालिक फरार

नोएडा के सेक्टर-15 स्थित एक रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस ग्राहकों को शराब परोसने का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग और फेज वन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जबकि रेस्टोरेंट का मालिक और मैनेजर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

 

रेस्टोरेंट के भीतर भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर की बोतलें बरामद हुईं, जिनमें मैकडॉवल नंबर 1 ब्रांड की 6 क्वार्टर बोतलें, 15 टू बर्ग केन, 16 खाली विदेशी शराब की बोतलें, और उत्तर प्रदेश राज्य की 4 बीयर केन शामिल हैं।

 

आबकारी निरीक्षक गौरव चंद ने बताया कि गुरुवार रात टीम नया बांस गांव में निरीक्षण कर रही थी, जब मुखबिर से सूचना मिली कि संगम ढाबा रेस्टोरेंट में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। इसके बाद पुलिस ने छापा मारा।

 

रेस्टोरेंट में उस वक्त ग्राहक शराब पी रहे थे। छापेमारी के दौरान काउंटर पर मौजूद दो लोग भाग निकले। गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों, राजू (सीतापुर निवासी) और सुनील यादव (झारखंड निवासी), ने रेस्टोरेंट मालिक वरुण शर्मा और मैनेजर अनूप सिंह का नाम बताया।

 

पूछताछ में कर्मचारियों ने बताया कि रेस्टोरेंट में गैर राज्य की शराब और बीयर महंगे दामों पर बेची जाती थी। मामले में आबकारी विभाग ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *