नोएडा में महिला सुरक्षा के लिए 10 नए पिंक बूथ तैयार, जल्द होंगे चालू

नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने और महिला अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए गौतमबुद्धनगर में 10 नए पिंक बूथ बनाए जा रहे हैं। इनके शुरू होने के बाद जिले में पिंक बूथ की संख्या 20 हो जाएगी। तीनों जोन में इन बूथों के लिए स्थान चिह्नित किए जा चुके हैं, और सीएसआर फंड से निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि पिंक बूथ के लिए 100 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है। इन बूथों पर महिलाएं अपनी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। हर बूथ पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी और यह पूरी तरह महिलाओं के लिए अनुकूल बनाया जाएगा।

पिंक बूथ में शिकायत कक्ष, रेस्ट रूम, वॉशरूम, किचन और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं होंगी। ये बूथ खासतौर पर ऐसे स्थानों पर बनाए जा रहे हैं जहां महिलाओं की आवाजाही ज्यादा है, जैसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और हाईवे पर। इनकी मॉनिटरिंग उच्च अधिकारी करेंगे, और अगले दो महीनों में ये पूरी तरह संचालित हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *