नोएडा के सेक्टर-27 में डीएम आवास के पास 26 नवंबर की शाम एक राष्ट्रीय स्तर के बॉडी बिल्डर और नायब तहसीलदार दिव्या काकरान के पति सचिन प्रताप सिंह से बदमाशों ने करीब ढाई लाख की सोने की चेन छीन ली। यह घटना तब हुई जब वे दोनों दिल्ली से भारत गौरव अवार्ड कार्यक्रम से लौट रहे थे।
घटना का विवरण
सचिन प्रताप ने बताया कि वे गोलगप्पे की दुकान के पास खड़े थे, तभी पल्सर बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने पीछे से झपट्टा मारकर चेन छीन ली। चेन दीपावली पर खरीदी गई थी। बदमाशों में से एक ने हेलमेट पहना था और दूसरे ने मुंह ढका हुआ था। सचिन ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद सचिन और दिव्या ने चौकी में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की। दिव्या ने पुलिस पर जांच में लापरवाही का आरोप लगाया और बताया कि घटना के आठवें दिन मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने अब सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच शुरू की है।
दिव्या ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
दिव्या ने वीडियो जारी कर नोएडा की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सीएम योगी प्रीमियम जगह नोएडा में फिल्म सिटी बनाना चाहते हैं, लेकिन यहां चोरी और छिनैती की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का बयान
एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच के लिए दो टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
