पटना। राजधानी के पारस अस्पताल में मंगलवार सुबह एक कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं और विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, चंदन मिश्रा हत्या, फिरौती और लूट के 24 से ज्यादा मामलों में आरोपी था और पैरोल पर जेल से बाहर आया था। इलाज के लिए उसे पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह करीब 7:15 बजे ICU में घुसकर पांच बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावर आराम से अस्पताल से फरार हो गए।
घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है, जिसमें हथियारबंद हमलावर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हत्या गैंगवार का नतीजा हो सकती है।
घटना के बाद RJD नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला और कहा कि राज्य में अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वहीं जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव ने राज्यपाल से मिलकर बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है।
