सरकार की प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान, यानी पीएम कुसुम योजना के तहत किसानों को सोलर पंप लगाने की सुविधा दी जा रही है। इस योजना के लिए वर्ष 2025–26 में किसानों ने ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कराई थी। जिन किसानों की बुकिंग कन्फर्म हो गई है, उनके लिए अब बाकी पैसा जमा करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2025 तय की गई है।
कृषि विभाग ने साफ कहा है कि जिन किसानों का टोकन कन्फर्म हो चुका है, वे समय रहते अपना शेष हिस्सा जरूर जमा कर दें। किसान विभागीय पोर्टल से चालान निकालकर ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी तरीके से पैसा जमा कर सकते हैं। तय समय तक पैसा जमा नहीं करने पर बुकिंग रद्द भी हो सकती है।
उप कृषि निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि सोलर पंप योजना की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पूरी तरह पारदर्शी है। किसानों का चयन, टोकन कन्फर्मेशन और भुगतान सभी काम विभागीय पोर्टल से ही होते हैं। टोकन कन्फर्म होने के बाद कृषि विभाग किसानों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजता है। उसी मैसेज के आधार पर किसान चालान बनाकर भुगतान करते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों को ठगी से बचने की सलाह भी दी है। अगर किसी अनजान व्यक्ति का फोन आए और वह सोलर पंप के नाम पर पैसा जमा करने को कहे, तो उस पर भरोसा न करें। बिना पोर्टल और सरकारी मैसेज के कोई भी पैसा न दें। ऐसे किसी भी फोन कॉल की जानकारी तुरंत अपने नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।
