ग्रेटर नोएडा, सूरजपुर: पैरामाउंट सोसाइटी में शुक्रवार शाम एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर आशीष गुप्ता (42) की अचानक मौत हो गई। आशीष अपनी पत्नी दिशा गुप्ता के साथ रहते थे और दंपती के कोई बच्चे नहीं थे।
सोसाइटी के मेंटेनेंस ऑफिस के कर्मचारी रविंद्र ने लगभग शाम 4:30 बजे पुलिस को सूचना दी कि आशीष गुप्ता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने के बाद सूरजपुर कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की। दिशा गुप्ता ने बताया कि उनके पति की तबीयत अचानक खराब हुई थी और उल्टी आने के बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि फिलहाल हत्या के किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा।
सोसाइटी में इस घटना को लेकर चर्चा रही कि यह हत्या हो सकती है, लेकिन पुलिस ने कहा कि ऐसी कोई जानकारी अभी तक नहीं मिली है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि अगर कोई तहरीर मिलेगी तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
