नई दिल्ली, 23 अप्रैल 2025 – जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब की अपनी आधिकारिक यात्रा बीच में ही छोड़ दी और बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचे। लौटते ही उन्होंने कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की आपात बैठक बुलाई।
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में पहलगाम हमले की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन TRF (द रेजिस्टेंस फ्रंट) ने ली है, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ माना जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत आतंक के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
बैठक के बाद जम्मू-कश्मीर में तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस हमले की निंदा हो रही है। अमेरिका, रूस और इटली सहित कई देशों ने भारत के प्रति समर्थन जताया है।
