नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां फर्नीचर की दुकान पर काम सीखने वाला युवक दुकान मालिक की 14 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी ग्रेटर नोएडा में फर्नीचर की दुकान है। कुछ समय पहले बिहार के मधुबनी जिले के सलीमपुर गांव निवासी रामशरण ठाकुर नाम का युवक दुकान पर काम सीखने आया था। 25 सितंबर की शाम उनकी नाबालिग बेटी अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच दुकान से कामगार रामशरण भी गायब मिला। पिता का आरोप है कि युवक उनकी बेटी को बहका कर अपने साथ ले गया है।
घटना की जानकारी पर बिसरख कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और दोनों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि नाबालिग को जल्द सकुशल बरामद कर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
