बंदी आदेश के बावजूद चल रहा था सर्विस सेंटर, प्रशासन ने की कड़ी कार्रवाई

नोएडा, सेक्टर-5 – प्रशासन के बंदी आदेश को नजरअंदाज कर संचालित किए जा रहे फेयरडील कार्स सर्विस सेंटर पर सख्त कार्रवाई करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने उसे सील कर दिया।

यह सर्विस सेंटर लंबे समय से जल और वायु प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन कर रहा था। सितंबर 2023 में पहली बार निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। अक्टूबर में दोबारा जांच में बिना एनओसी संचालन जारी मिलने पर मुख्यालय को भी पत्र भेजा गया। बावजूद इसके, नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे मई 2024 में सर्विस सेंटर को बंद करने और 12.75 लाख रुपये का पर्यावरण क्षतिपूर्ति जुर्माना लगाने का आदेश दिया गया।

प्रशासन ने बिजली कनेक्शन काट दिया, लेकिन जुलाई 2024 में निरीक्षण में पाया गया कि सर्विस सेंटर डीजल जनरेटर (डीजी सेट) के जरिए संचालित हो रहा था, जिसे तुरंत सील कर दिया गया। हालांकि, दिसंबर में हुई जांच में फिर से एक नया डीजी सेट लगाकर संचालन जारी रखने की बात सामने आई। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट विवेकानंद मिश्र ने कड़ा रुख अपनाते हुए सर्विस सेंटर और डीजल जनरेटर को पूरी तरह सील करने की कार्रवाई की।

सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि आदेशों की अवहेलना और लगातार नियमों के उल्लंघन के कारण यह सख्त कदम उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *