नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के एक शिक्षण संस्थान में एक छात्र देव भाटी के साथ मारपीट की घटना सामने आई। मूलरूप से तिलपता गांव के देव भाटी बुधवार को छुट्टी के बाद अपने कालेज की पार्किंग में अपनी बाइक के पास पहुंचे। वहां कुछ छात्र खड़े थे। उन्हें हटाने के लिए देव ने टोका, जो आरोपित छात्रों को नागवार गुजरा।
इसके बाद आरोपित छात्रों ने एकजुट होकर देव भाटी पर हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद उन्होंने देव को हास्टल तक ले जाकर वहां भी पीटा। किसी तरह देव भाटी वहां से भागकर अपनी जान बचा सके।
पीड़ित छात्र ने इलाज कराने के बाद अपने स्वजनों के साथ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस मामले में दो छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपित छात्रों की तलाश जारी है। नालेज पार्क कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र ने बताया कि जांच जारी है और आरोपितों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
घटना से पीड़ित परिवार में रोष है और उनका कहना है कि आरोपितों ने इतनी बेरहमी दिखाई कि देव की जान भी खतरे में थी।
