ग्रेटर नोएडा के रौनी गांव स्थित नॉलेज वैली इंटरनेशनल स्कूल में बाल दिवस का दिन इस बार बच्चों की मुस्कान के नाम रहा। रूह फाउंडेशन और शारदा यूनिवर्सिटी के पीडियाट्रिक एंड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री विभाग ने मिलकर “मददगार हाथ—आइए इसे साथ मिलकर बनाए” नाम से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का मकसद सिर्फ बच्चों का मनोरंजन नहीं था, बल्कि उन्हें ओरल हेल्थ यानी दांतों की सेहत और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करना था। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बच्चों के दांतों की जांच की और उन्हें बताया कि कैसे रोजाना सही तरीके से ब्रश करने और साफ-सफाई रखने से दांतों की कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
इसके अलावा, छात्राओं को सेनेटरी किट दी गई ताकि वे किशोरावस्था में स्वच्छता का ध्यान रख सकें। वहीं, जरूरतमंद बच्चों को स्कूल किट देकर पढ़ाई में मदद पहुंचाई गई।
रूह फाउंडेशन की सुमैया परवीन ने कहा, “बाल दिवस सिर्फ जश्न का दिन नहीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी याद दिलाने का दिन है।”
इस आयोजन ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य, स्वच्छता और सहयोग की भावना को भी मजबूत किया। कार्यक्रम में शारदा यूनिवर्सिटी के डॉक्टर रूबल, डॉक्टर तमन्ना सिंगला और डॉक्टर जस्टिना नाओरेम भी मौजूद रहीं।
