बेंगलुरु भगदड़ मामला: कर्नाटक सरकार ने RCB को ठहराया जिम्मेदार, विराट कोहली के वीडियो का भी किया जिक्र

बेंगलुरु, 17 जुलाई।
कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु में हुए भगदड़ कांड को लेकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को जिम्मेदार ठहराते हुए बड़ा कदम उठाया है। सरकार द्वारा गठित जस्टिस माइकल डी. कुन्हा आयोग की रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए RCB, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA), DNA नेटवर्क और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला चलाने की अनुमति दे दी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, विजय जुलूस की सूचना आयोजकों ने समय रहते पुलिस को नहीं दी थी और जरूरी अनुमति भी नहीं ली गई। खास बात यह रही कि 8:55 बजे RCB के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से विराट कोहली का एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें उन्होंने प्रशंसकों से परेड में शामिल होने की अपील की। सरकार ने इस वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि इससे भीड़ बेकाबू हो गई।

स्टेडियम में प्रवेश के लिए उचित व्यवस्था न होने और प्रवेश द्वार समय पर न खुल पाने की वजह से भारी अफरातफरी मची, जिससे भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।

सरकार ने हाईकोर्ट के निर्देश पर रिपोर्ट सार्वजनिक करते हुए कहा कि आयोजकों ने कर्नाटक टाउन प्लानिंग एक्ट 2009 और पुलिस अनुमति प्रक्रिया का उल्लंघन किया। अब रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में अदालत की निगरानी में जांच और सुनवाई की संभावना जताई जा रही है। वहीं, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को यह भी निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए स्पष्ट गाइडलाइंस बनाई जाएं ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *