बेंगलुरु में प्रयागराज के परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत, आत्महत्या की आशंका

बेंगलुरु के सदाशिवनगर इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो छोटे बच्चे शामिल हैं। परिवार मूल रूप से प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और दो साल से बेंगलुरु में किराए के मकान में रह रहा था। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय अनूप कुमार, उनकी 35 वर्षीय पत्नी राखी, 5 साल की बेटी अनुप्रिया और 2 साल के बेटे प्रियांश के रूप में हुई है।

 

अनूप कुमार एक निजी फर्म में सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट थे। सोमवार सुबह उनकी घरेलू सहायिका काम पर आई, लेकिन बार-बार दरवाजा खटखटाने और फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पड़ोसियों को सूचित किया, जिन्होंने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।

 

पुलिस का मानना है कि पति-पत्नी ने पहले बच्चों को जहर देकर मारा और फिर खुद फांसी लगा ली। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि कपल की बेटी अनुप्रिया विशेष देखभाल की जरूरत वाली बच्ची थी, जिससे परिवार परेशान रहता था।

 

घरेलू सहायिका ने बताया कि रविवार को पूरा परिवार सामान्य और खुश नजर आ रहा था। उन्होंने पांडिचेरी जाने की योजना बनाई थी और पैकिंग भी पूरी कर ली थी। परिवार ने बच्चों की देखभाल के लिए तीन केयर टेकर नियुक्त कर रखी थीं।

 

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से जांच जारी है। डीसीपी शेखर एच टेकनवर ने कहा कि घटना के पीछे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *