ब्लॉक सेक्टर जू-3 की टूटी चारदीवारी महीनों से अधर में, निवासियों ने जताई नाराज़गी

नोएडा 22 अगस्त

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जू-3 के सी ब्लॉक निवासी लंबे समय से टूटी चारदीवारी की समस्या से जूझ रहे हैं। आरडब्ल्यूए जू-3 और टीम की ओर से मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन. जी. रवि कुमार को पत्र लिखकर इस गंभीर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की गई है। निवासियों ने शिकायत में बताया कि सी ब्लॉक की चारदीवारी ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण कार्य के चलते पहली ही बारिश में गिर गई थी। गेट के पास की दीवार भी कभी भी ढह सकती है। वर्ष 2024 की बरसात में दीवार झुक गई थी, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। आखिरकार 7 जुलाई 2025 को भारी बारिश में दीवार पूरी तरह गिर गई। निवासियों का कहना है कि 9 जुलाई 2025 को प्राधिकरण के अधिकारियों ने गिर चुकी दीवार का निरीक्षण किया था, लेकिन 40 दिन बीत जाने के बाद भी काम अधर में लटका हुआ है। स्थिति यह है कि दीवार के निर्माण में अगर यही सुस्ती रही तो कई सालों तक इसे दोबारा खड़ा करना मुश्किल होगा।

आरडब्ल्यूए ने कहा कि चारदीवारी की मौजूदा तस्वीरें यह साबित करती हैं कि ठेकेदार ने गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना सिर्फ औपचारिकता निभाई। इससे न सिर्फ सुरक्षा का संकट है बल्कि बारिश में और भी नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने मांग की है कि प्राधिकरण तुरंत इस मामले पर संज्ञान ले और दीवार का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द से जल्द पूरा कराए, ताकि सी ब्लॉक के निवासियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *