- महिला क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से सीरीज अपने नाम की। तीसरे और आखिरी मुकाबले में भी टीम ने दमदार खेल दिखाया। दीप्ति शर्मा और रेणुका ठाकुर की घातक गेंदबाजी के आगे वेस्टइंडीज की टीम केवल 162 रन पर सिमट गई। 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 28.2 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत हासिल की और सीरीज को क्लीन स्वीप कर लिया।
वेस्टइंडीज की टीम लगातार तीसरे मैच में भारतीय गेंदबाजों के आगे टिक नहीं पाई। दीप्ति और रेणुका ने मिलकर पूरी टीम को धराशायी कर दिया। दीप्ति ने 10 ओवर में 31 रन देकर 6 विकेट झटके, जबकि रेणुका ने 9.5 ओवर में 29 रन देकर 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
हालांकि वेस्टइंडीज के लिए शिनेले हेनरी ने 61 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 72 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के लगाए। शेमाइन कैंपबेल ने भी 46 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
भारतीय टीम की शुरुआत लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी नहीं रही। स्मृति मंधाना और हरलीन देओल जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर, जोमिमा रोड्रिग्ज और दीप्ति शर्मा ने मोर्चा संभाला और टीम को जीत तक पहुंचाया। इस जीत के साथ भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
