भोपाल: भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए सीजफायर को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर कड़ा आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने भाजपा और RSS पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “BJP-RSS वालों को सरेंडर की आदत है।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर देश में कांग्रेस की सरकार होती तो कभी भी सरेंडर नहीं होता।
राहुल गांधी ने अपने एक भाषण में कहा कि भारत के सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के आतंकवादियों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया और पाकिस्तान की सेना को भी कमजोर कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने शांति की अपील की, जिस पर सीजफायर हुआ। लेकिन इसके बावजूद, राहुल गांधी ने भाजपा और RSS को लेकर न केवल आलोचना की बल्कि उनके व्यवहार को ‘झुकने वाला’ बताया।
उन्होंने अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान सीजफायर मामले में बयान को भी लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा, “जब ट्रंप ने फोन किया तो मोदी जी तुरंत सरेंडर हो गए। BJP-RSS का करैक्टर है कि वे हमेशा झुकते हैं।” हालांकि, भारत सरकार ने ट्रंप के इस दावे को पहले ही खारिज कर दिया था।
राहुल गांधी ने आगे कहा, “मैंने देश से वादा किया था कि जाति जनगणना संसद में पारित की जाएगी। अब मैं RSS-BJP को अच्छी तरह समझता हूं। अगर उन पर थोड़ा दबाव डाला जाए, तो वे डर कर भाग जाते हैं। आज़ादी के समय से ये लोग आत्मसमर्पण की आदत में हैं।”
राहुल गांधी के इस बयान से राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है और विपक्ष एवं सरकार के बीच सियासी तकरार तेज हो गई है। भाजपा और RSS की ओर से भी इस बयान की कड़ी निंदा की गई है।
