दुबई: चैंपियंस ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला मंगलवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम अब तक इस टूर्नामेंट में अपराजेय रही है, वहीं ऑस्ट्रेलिया को लीग चरण में एक ही मैच खेलने का मौका मिला, क्योंकि उसके दो मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए थे।
भारत के लिए प्लेइंग इलेवन चुनना चुनौती
कप्तान रोहित शर्मा के सामने प्लेइंग इलेवन को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। पिछले मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट चटकाए थे। ऐसे में उन्हें बाहर करना मुश्किल होगा, जबकि टीम पहले से ही तीन स्पिनर्स के साथ खेल रही है। दूसरी ओर, मोहम्मद शमी की फिटनेस पर भी सवाल बना हुआ है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके कंधे पर गेंद लगी थी, हालांकि उन्होंने बाद में गेंदबाजी जारी रखी थी। अगर वे पूरी तरह फिट नहीं होते हैं तो उनकी जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है।
संभावित भारतीय प्लेइंग 11:
1. रोहित शर्मा (कप्तान)
2. शुभमन गिल
3. विराट कोहली
4. श्रेयस अय्यर
5. अक्षर पटेल
6. केएल राहुल (विकेटकीपर)
7. हार्दिक पांड्या
8. रवींद्र जडेजा
9. मोहम्मद शमी / अर्शदीप सिंह
10. कुलदीप यादव
11. वरुण चक्रवर्ती
ऑस्ट्रेलिया करेगी एक बदलाव
ऑस्ट्रेलिया की टीम में एक बदलाव तय माना जा रहा है। सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट बाहर हो चुके हैं, और उनकी जगह जेक फ्रेज़र-मक्गर्क को टीम में शामिल किया जा सकता है।
संभावित ऑस्ट्रेलियाई प्लेइंग 11:
1. जेक फ्रेज़र-मक्गर्क
2. ट्रेविस हेड
3. स्टीव स्मिथ (कप्तान)
4. मार्नस लाबुशेन
5. जोश इंग्लिस (विकेटकीपर)
6. एलेक्स कैरी
7. ग्लेन मैक्सवेल
8. बेन द्वाराहुसि
9. नैथन एलिस
10. एडम जाम्पा
11. स्पेंसर जॉनसन
दुबई की पिच पर स्पिनर्स का जलवा रहेगा?
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है। इस मैदान पर बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होगा, खासकर मिडिल ओवरों में। पॉवरप्ले के दौरान तेजी से रन बनाना फायदेमंद हो सकता है, जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाजों को संभलकर खेलना होगा।
इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करना आसान माना जाता है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है। 270-290 का स्कोर यहां सुरक्षित माना जा सकता है।
भारत की जीत की संभावना ज्यादा
भारत ने अब तक इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और अपने तीनों मुकाबले इसी मैदान पर जीते हैं। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने अब तक यहां एक भी मैच नहीं खेला है। भारत की टीम अधिक संतुलित नजर आ रही है और उसका आत्मविश्वास भी ऊंचा है। ऐसे में क्रिकेट विशेषज्ञों के अनुसार, भारत के जीतने की संभावना 70% और ऑस्ट्रेलिया के जीतने की संभावना 30% मानी जा रही है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि सेमीफाइनल में कौन सी टीम बाजी मारती है – भारत अपनी लय बरकरार रखता है या ऑस्ट्रेलिया कोई बड़ा उलटफेर करता है?
