संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (UNCTAD) की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की अर्थव्यवस्था वर्ष 2025 में 6.5 प्रतिशत की दर से वृद्धि करेगी। इस अनुमान के साथ भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा। रिपोर्ट में बताया गया कि जहां वैश्विक अर्थव्यवस्था की औसत विकास दर 2.3% रहने की संभावना है, वहीं भारत मजबूती से आगे बढ़ता रहेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में यह विकास दर सार्वजनिक खर्च में तेजी और मौद्रिक नीति में ढील की वजह से संभव होगी। रिजर्व बैंक द्वारा हाल ही में ब्याज दरों में कटौती से उपभोग और निजी निवेश को बढ़ावा मिला है।
UNCTAD ने यह भी कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका, यूरोप और जापान जैसी बड़ी अर्थव्यवस्थाएं सुस्ती की ओर बढ़ रही हैं, लेकिन भारत ने अनिश्चित माहौल में भी मजबूती दिखाई है। रिपोर्ट में दक्षिण-दक्षिण व्यापार सहयोग को भारत के लिए एक बड़ा अवसर बताया गया है।
इससे पहले मूडीज ने भी भारत की 2025 की वृद्धि दर 5.5% से 6.5% के बीच रहने का अनुमान जताया था।
