मध्य प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में नया वेदर सिस्टम सक्रिय हो गया है, जिसके चलते कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। जबलपुर और रीवा के साथ-साथ 4 अन्य संभागों के जिलों में विशेष रूप से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। विभाग ने अनुमान जताया है कि इस नए सिस्टम के प्रभाव से 13 सितंबर तक बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर जारी रहेगा।
प्रदेश में एक शक्तिशाली बारिश प्रणाली विकसित हो रही है, जबकि ओडिशा के निकट एक डिप्रेशन भी सक्रिय है। इन नए मौसम सिस्टमों के चलते अगले तीन से चार दिनों में जोरदार बारिश की संभावना है। इस प्रणाली के कारण विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से लेकर तेज बारिश तक हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर, टीकमगढ़, शिवपुरी, मुरैना, श्योपुरकलां, रीवा, भोपाल, रायसेन, राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, झाबुआ, धार, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, शिवपुरी, बालाघाट, इंदौर, उज्जैन, आगर, मंदसौर, नीमच और अनूपपुर में भारी बारिश हो सकती है। रविवार को इन जिलों में सामान्य बारिश हुई l भोपाल, उज्जैन, रतलाम, खजुराहो, मलाजखंड, धार, बालाघाट, बैतूल, पचमढ़ी और गुना में सामान्य बारिश हुई, जबकि इटारसी और सारंगपुर में हल्की फुहारें पड़ीं।
मध्य प्रदेश में इस सीजन में अब तक 36.4 इंच बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य बारिश का 98 प्रतिशत है। राज्य में सामान्य तौर पर 37.3 इंच बारिश होती है, जिससे केवल 1 इंच की कमी रह गई है। भोपाल, ग्वालियर और 28 अन्य जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। श्योपुर में सबसे अधिक 169 प्रतिशत बारिश हुई है, जबकि रीवा में सबसे कम 60 प्रतिशत यानी 23.3 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।
