फोटो एडिट कर पड़ोसियों को दिखाने तथा पुराने मुकदमे को वापिस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप।
जेवर: कस्बे के एक मौहल्ला की रहने वाली किशोरी ने मनचले की हरकतों से परेशान होकर कॉलेज जाना छोड़कर खुद को घर में कैद कर लिया है। पीड़ित पिता ने मनचले पर बेटी के फोटो एडिट कर पड़ोसियों को दिखाने तथा डेढ़ वर्ष पुराने मुकदमे को वापिस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए मनचले व उसकी मां के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के एक मौहल्ला के रहने वाले पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक युवक उसकी बेटी को काफी समय से परेशान करता है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व आरोपित व उसकी मां ने इंटरनेट मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर उसकी बेटी के फोटो एडिट कर प्रसारित किए थे। जिसमें आरोपितों के खिलाफ केस चल रहा है। आरोप है कि पीड़िता किशोरी जब भी घर से बाहर निकलती है तभी मनचला गंदे गंदे इशारे करते हुए फब्तियां कसता है तथा बदनाम करने की धमकी देता है। जिससे डरकर पीड़िता ने कॉलेज भी जाना बंद कर दिया है। पिता द्वारा कॉलेज न जाने की पूछने पर पीड़िता ने बताया कि 18अगस्त को आरोपित हर्षित ने उसे धमकाया था। 27अगस्त को आरोपित ने पड़ोसियों को पीड़िता के एडिट फोटो व चैट दिखाते हुए कहा कि पुराने मुकदमे को वापिस नहीं लिया तो इस परिवार को कही का नहीं छोड़ेंगे। जिससे पीड़िता सदमे में है तथा उसने घर से निकलना बंद कर दिया है। पिता ने बेटी को कुछ भी होने पर आरोपित मां बेटे को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने हर्षित व उसकी मां राधा शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
