महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हार के बाद कुछ विपक्षी दलों ने ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं। एक वायरल वीडियो में कुछ लोगों को ईवीएम में कथित हेरफेर की योजना बनाते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो को लेकर महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की शिकायत पर मुंबई साइबर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
सीईओ कार्यालय ने कहा कि वीडियो में ईवीएम को हैक करने के झूठे और निराधार दावे किए गए हैं। मुंबई साइबर पुलिस ने 30 नवंबर की रात वीडियो में शामिल व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि ईवीएम किसी भी नेटवर्क (वाई-फाई या ब्लूटूथ) से नहीं जुड़ती, इसलिए इसे हैक करना संभव नहीं है। सुप्रीम कोर्ट और आयोग ने पहले भी ईवीएम की सुरक्षा पर भरोसा जताया है।
वीडियो में दिखने वाले व्यक्ति की पहचान सैयद शुजा के रूप में हुई है। उसने दावा किया था कि वह 288 सीटों में से 281 सीटों तक पहुंच रखता है और 63 सीटों पर जीत के लिए 52-53 करोड़ रुपये की मांग की थी। शुजा के खिलाफ 2019 में भी इसी तरह की शिकायत दर्ज की गई थी। चुनाव आयोग ने कहा है कि झूठे दावे करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
