आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता योजना की शुरुआत की है। ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ के तहत महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसे चुनाव के बाद बढ़ाकर 2,100 रुपये करने का वादा किया गया है। इस योजना के लिए 2024-25 के बजट में 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
योजना के तहत रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
13 दिसंबर से योजना के तहत रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। फिलहाल, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर मैनुअली रजिस्ट्रेशन करेंगे। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए कोई पोर्टल अभी उपलब्ध नहीं है।
पात्रता की शर्तें
1. महिला दिल्ली की आधिकारिक मतदाता होनी चाहिए।
2. सालाना आय 2.50 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए।
3. आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
4. महिला के नाम पर चार पहिया वाहन नहीं होना चाहिए।
5. 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को पहले से ही पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
महिलाओं की मदद को बताया सौभाग्य
केजरीवाल ने इस योजना को लागू करने का श्रेय आतिशी को देते हुए कहा, “यह कोई ऐहसान नहीं है। महिलाएं समाज का भविष्य संवारती हैं। उन्हें सहायता देना हमारा सौभाग्य है।”
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने परिवार की बेहतर देखभाल कर सकें।
