पटना। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बिहार चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि बसपा आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी और सभी सीटों पर अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी।
मायावती ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि कुछ राजनीतिक दल और स्वार्थी तत्व यह अफवाह फैला रहे हैं कि बसपा किसी अन्य पार्टी से गठबंधन कर रही है। उन्होंने इसे पूरी तरह गलत और जनता को भ्रमित करने वाला बताया। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि इस प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बसपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी की नीति हमेशा साफ रही है – वह अपने दम पर चुनाव लड़ती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे इस तरह की झूठी खबरों पर ध्यान न दें और पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी में लग जाएं।
मायावती के इस बयान से यह साफ हो गया है कि बिहार में बसपा तीसरे मोर्चे की तलाश नहीं कर रही, बल्कि अकेले मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश करेगी।
