लखनऊ, 14 मई: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा की शुरुआत की और खुद हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। इस मौके पर उन्होंने पाकिस्तान और आतंकवाद पर जमकर हमला बोला।
योगी ने कहा कि पाकिस्तान एक विफल राष्ट्र है, जिसने पिछले 70-75 सालों में सिर्फ आतंकवाद को बढ़ावा दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भारत की ओर जो भी बुरी नजर उठाएगा, उसके जनाजे में रोने वाला भी कोई नहीं मिलेगा।
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को जो आतंकी हमला हुआ था, उसके जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया गया। पहले ही दिन भारतीय सेना ने 100 से ज्यादा आतंकियों और उनके समर्थकों को सजा दी।
योगी ने कहा कि सेना ने साफ संदेश दिया है— “हम छेड़ेंगे नहीं, लेकिन अगर किसी ने छेड़ा तो छोड़ेंगे भी नहीं।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की कि उन्होंने पूरे देश को एकजुट रखा और बहादुर सैनिकों का हौसला बढ़ाया। योगी ने कहा कि जब हर भारतवासी ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से काम करेगा, तब दुनिया की कोई ताकत भारत का सामना नहीं कर पाएगी।
तिरंगा यात्रा के जरिए उन्होंने सेना को सलामी दी और जनता से अपील की कि वे भी देशभक्ति की भावना को मजबूत करें। इस कार्यक्रम में भाजपा के कई बड़े नेता और मंत्री भी मौजूद रहे।
