मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस गाजियाबाद का नाम कभी अपराध, गैंगवार और फिल्मों के जरिए बदनाम छवि से जोड़ा जाता था, वह अब विकास, स्वच्छता और सुव्यवस्था का आदर्श मॉडल बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने बीते 8 वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उसका प्रभाव गाजियाबाद पर साफ दिखता है।
गाजियाबाद: प्रदेश की पहली और दुनिया की टॉप 50 स्वच्छ सिटी में शामिल
सीएम योगी ने गाजियाबाद को प्रदेश की पहली और विश्व की टॉप 50 स्वच्छ सिटीज़ में से एक बताया। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह जनपद 12-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल, मेट्रो, और एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं से जुड़ जाएगा।
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को सीएम ने दिया किट
गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को रवाना किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हर यात्री को एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की और कहा कि कैलाश मानसरोवर भवन यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया है, जिसमें अब तक 200 से अधिक श्रद्धालु आ चुके हैं।
सीईएल बना घाटे से मिनी रत्न, सीएम ने किया डेटा सेंटर का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने Central Electronics Limited (CEL) की स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया और कहा कि जो संस्थान पहले घाटे में चल रहा था, वह अब मिनी रत्न प्रतिष्ठानों में शामिल हो चुका है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ मिलकर उन्होंने ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर का शिलान्यास किया।
ग्रेटर गाजियाबाद की शुरुआत: खोड़ा, लोनी, मुरादनगर के एकीकरण पर मंथन
सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद अब ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में आगे बढ़ेगा। उन्होंने खोड़ा, लोनी और मुरादनगर को गाजियाबाद नगर निगम का हिस्सा बनाने की दिशा में ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए। इंटीग्रेटेड ऑफिस कॉम्प्लेक्स की योजना भी चर्चा में रही, जिसमें सभी प्रमुख प्रशासनिक कार्यालय एक छत के नीचे लाए जाएंगे।
बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर व स्टेडियम निर्माण पर निर्देश
सीएम ने बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर, बुनियादी सुविधाओं के विकास, और लंबे समय से लंबित बीसीसीआई स्टेडियम निर्माण को लेकर तेजी से कार्य करने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) को निर्देशित किया।
मानसरोवर भवन, उत्तराखंड भवन और पूर्वांचल भवन का उपयोग बढ़ाने की अपील
सीएम ने नागरिकों से अपील की कि वे मानसरोवर भवन, उत्तराखंड भवन और पूर्वांचल भवन का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने GDA और नगर निगम से इन भवनों के लिए एक मॉडल प्लान बनाकर आगे बढ़ने को कहा।
हिंडन नदी पुनरोद्धार और ‘एक पेड़ मां के नाम’ पर व्यापक पौधरोपण की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंडन नदी, जो कभी गाजियाबाद की पहचान हुआ करती थी, अब उसके पुनरोद्धार और प्राकृतिक पद्धति से सुदृढ़ीकरण पर काम चल रहा है। नदी के दोनों किनारों पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। साथ ही, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष योजनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
मौके पर मौजूद रहे जनप्रतिनिधि
मुख्यमंत्री की इस गाजियाबाद यात्रा के दौरान उनके साथ राज्यमंत्री सुनील कुमार शर्मा, नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, सांसद राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, मंजू सिवाच, और नंदकिशोर गुर्जर भी उपस्थित रहे।
