मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। महिला सिपाही सलवार सूट पहने मकान मालिक के घर जा रही थी, तभी कुछ युवकों ने उसे चक्कर की मिलक तिराहे पर रोका और मारपीट की।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाया गया है कि बाइक पर सवार युवक ने महिला सिपाही को अपनी बाइक पर बैठने को कहा। जब उसने मना किया, तो युवक और उसके साथी उसे पीटने लगे। आरोप है कि युवकों ने महिला सिपाही को नाली में घसीटा, गाली-गलौज की और एक आरोपी ने उसे छुआ और गला दबाने की कोशिश की।
पीड़िता के सिर को दीवार पर मारा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पेट में भी लात मारी गई। जब स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो आरोपी फरार हो गए। महिला सिपाही की पुलिस में तैनाती की जानकारी मिलने पर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
