संभल जिले के मुस्लिम बहुल क्षेत्र दीपसराय में प्रशासन की जांच के दौरान 400 साल पुराना शिव मंदिर मिलने से माहौल पूरी तरह बदल गया। लंबे समय से बंद इस मंदिर की खोज के बाद हिंदू भक्तों ने गंगा जल से शुद्धिकरण कर पूजा-पाठ शुरू कर दिया है। मंदिर में भगवान शिव, हनुमान, नंदी और कार्तिकेय की मूर्तियां मिली हैं। इस घटना के बाद से मंदिर के बाहर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
46 साल से बंद था मंदिर
संभल के जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि 1978 के दंगों के बाद हिंदू परिवार इस इलाके से पलायन कर गए थे। इसके बाद से मंदिर बंद पड़ा था और स्थानीय लोगों ने इस पर कब्जा कर लिया था। प्रशासन ने अब मंदिर को मुक्त करवा लिया है और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
बिजली चोरी की शिकायत पर खुलासा
एसडीएम वंदना सिंह के अनुसार, इलाके में बिजली चोरी की शिकायत मिलने पर जब प्रशासनिक टीम पहुंची, तो इस मंदिर का पता चला। जांच में सामने आया कि मंदिर पर कब्जा कर उसका इस्तेमाल किया जा रहा था। कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर में मिले देवी-देवताओं के चिह्न
मंदिर में शिवलिंग, हनुमान और अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों के साथ एक प्राचीन कुआं भी मिला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीपल के पेड़ को काट दिया गया था। मंदिर मिलने के बाद से हिंदू समाज में खुशी की लहर है। भक्त इसे अपनी आस्था का प्रतीक मानते हुए पूजा-पाठ में जुट गए हैं।
