यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: छात्रों से भरी ईको वैन पलटी, पांच घायल

ग्रेटर नोएडा, 24 जून 2025 (वार्ता)
यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। छात्रों से भरी एक ईको वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में पांच छात्र घायल हो गए। हादसे के समय वैन में कुल 7 छात्र सवार थे, जो बोटेनिकल गार्डन की सैर से लौट रहे थे।

यह घटना बीटा-2 थाना क्षेत्र के अंतर्गत चुहड़पुर अंडरपास के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही एक दूसरी इको कार का पहिया अचानक सड़क पर निकलकर गिरा। उसी वक्त छात्रों की वैन चालक ने नियंत्रण खो दिया और वैन पलट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वैन से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

बीटा-2 थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हुआ, जिसे बाद में सुचारु कर दिया गया।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले गाड़ी की तकनीकी जांच जरूर कर लें और गति सीमा का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *