युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंका

सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक युवक को घर से अगवा कर बेरहमी से पीटने के बाद उसे अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंक दिया। यह वारदात 12 दिसंबर की रात की बताई जा रही है।

खेड़ी गांव निवासी मोहित कुमार के अनुसार, उस रात उसके भाई मनीष कुमार के मोबाइल पर भनौता गांव के निक्की और देव तवर का फोन आया था। फोन पर घर मिलने की बात कही गई। कुछ देर बाद दोनों अपने साथियों के साथ बाइक और दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर मनीष के घर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग हथियार और लोहे की रॉड लेकर जबरन घर में घुस आए।

बताया गया कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर मनीष कुमार को घर से बाहर घसीटा और स्कॉर्पियो में डालकर फरार हो गए। मनीष के शोर मचाने पर परिजन बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी उसे अगवा कर चुके थे। परिजनों ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

कुछ समय बाद पुलिस की मौजूदगी में मनीष के मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आया, जिसमें बताया गया कि युवक इंस्पायर स्कूल वैदपुरा के सामने गंभीर हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि मनीष खून से लथपथ और बेहोश था। उसके शरीर और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे।

परिजन घायल को तिलपता चौकी इंचार्ज की मौजूदगी में न्यूमेड अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई। वहीं सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से मारपीट का विवाद था, उसी रंजिश में युवक के साथ मारपीट की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *