साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाकर सूरजपुर क्षेत्र के एक युवक को निशाना बनाया। जालसाज ने पीड़ित का मोबाइल नंबर फर्जी तरीके से पोर्ट करा लिया और उसी नंबर की मदद से उसके एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड से करीब 20 हजार रुपये तीन बार में ट्रांसफर कर लिए।
उद्योग विहार निवासी शिव कुमार सिंह तोमर के मोबाइल पर जब बैंक के मैसेज आने लगे, तब उन्हें रकम कटने का पता चला। उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क किया, जहां उन्हें पता चला कि लेन-देन उनके रजिस्टर्ड नंबर से ही हुआ है। बाद में यह भी सामने आया कि उनका मोबाइल नंबर किसी और सिम पर पोर्ट कर लिया गया है और उनका व्हाट्सऐप भी उसी पर चल रहा था।
पीड़ित ने सूरजपुर कोतवाली में अज्ञात ठग के खिलाफ आईटी एक्ट में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने साइबर सेल को जांच सौंपी है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
