बॉलीवुड के महान शोमैन राज कपूर को हर कोई जानता है। अपने अभिनय और शानदार फिल्मों से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। 14 दिसंबर 2024 को उनकी 100वीं जयंती है, जिसे कपूर परिवार बड़े ही खास अंदाज में मनाने की तैयारी कर रहा है। इसी सिलसिले में हाल ही में कपूर परिवार ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान परिवार के बड़े-बुजुर्ग से लेकर बच्चे और बहू-दामाद तक सभी मौजूद थे। इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।
रणबीर कपूर ने पीएम मोदी से बातचीत के दौरान बताया कि पूरा परिवार उनसे मिलने को लेकर बहुत उत्साहित था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके फैमिली व्हॉट्सएप ग्रुप पर पूरे हफ्ते चर्चा चल रही थी कि प्रधानमंत्री को कैसे संबोधित किया जाए। रणबीर ने यह भी साझा किया कि उनकी बुआ रीमा जैन हर रोज फोन करके पूछती थीं कि क्या कहना सही रहेगा। इस पर पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं भी आपके परिवार का हूं, जो दिल करे वो कहिए।”
मुलाकात के दौरान रीमा जैन ने पीएम मोदी को ‘आदरणीय प्रधानमंत्री जी’ कहने की कोशिश की, लेकिन उनकी जुबान अटक गई। इस पर पीएम मोदी ने फिल्मी अंदाज में कहा, “कट!” यह सुनकर पूरा परिवार जोर से हंस पड़ा।
करीना और करिश्मा कपूर ने भी इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इन तस्वीरों में पीएम मोदी को बच्चों के लिए ऑटोग्राफ देते हुए भी देखा गया। उन्होंने सैफ अली खान से उनके पिता टाइगर पटौदी का जिक्र किया और पूछा कि तीसरी पीढ़ी (तैमूर और जेह) क्यों नहीं आई। करीना ने जवाब दिया कि वे लाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन संभव नहीं हो पाया।
कपूर परिवार ने इस खास मौके पर पारंपरिक पोशाकें पहनीं। महिलाओं ने साड़ी और सूट चुने, जबकि पुरुष कुर्ता-पायजामा और इंडो-वेस्टर्न लुक में नजर आए।
