राष्ट्रीय साइबर जागरूकता माह पर जिला पुलिस का बड़ा अभियान — 2.25 लाख से अधिक लोगों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी

अक्टूबर महीने को पूरे देश में राष्ट्रीय साइबर जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अवसर पर जिला पुलिस की ओर से एक बड़ा साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का संचालन पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में और अपर पुलिस उपायुक्त (साइबर) श्रीमती शैव्या गोयल के मार्गदर्शन में किया गया।

शैव्या गोयल ने बताया कि यह कार्यक्रम जिले के 1200 से अधिक स्थानों पर आयोजित किया गया, जिसमें आरडब्ल्यूए और एओए के सहयोग से लगभग दो लाख पच्चीस हजार से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लोगों को मोबाइल, बैंक खाते, पासवर्ड और सामाजिक माध्यमों पर सावधानी बरतने के उपाय बताए गए। पार्कों, बाजारों, मॉल और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्क्रीन लगाकर नागरिकों को साइबर स्वच्छता और सुरक्षा के नियमों के बारे में जानकारी दी गई।

इस मौके पर राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ अमित दुबे ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अगर हम सतर्क रहें तो अपने पैसे, जानकारी और पहचान को सुरक्षित रख सकते हैं।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कहा कि जिला पुलिस का यह प्रयास लोगों को साइबर साक्षर और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस पहल से नागरिकों में डिजिटल सतर्कता और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *