ग्रेटर नोएडा : रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा के सहयोग से दिल्ली उच्च शिक्षा संस्थान, नोएडा एक्सटेंशन में रोटरेक्ट क्लब का स्थापना समारोह शुक्रवार, 26 सितम्बर 2025 को उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष रो० ऋषि के अग्रवाल, सचिव रो० निखिल गर्ग और बोर्ड सदस्य रो० रणजीत सिंह ने जिला प्रतिनिधि शशि प्रकाश की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी को पद और जिम्मेदारियों की शपथ दिलाई। साथ ही उन्हें लैपल पिन लगाकर औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई।
दिल्ली उच्च शिक्षा संस्थान नोएडा एक्सटेंशन क्षेत्र में स्थित एक प्रमुख शिक्षण केंद्र है, जहां समाज सेवा और छात्र नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए इस नए क्लब की शुरुआत की गई है।
वर्ष 2025-26 के लिए गठित नई कार्यकारिणी में अनन्या सिन्हा को अध्यक्ष, बुर्रा मेघना को सचिव और दीक्षा ध्यानी को कोषाध्यक्ष चुना गया। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज सेवा, भाईचारे और नेतृत्व की नई जिम्मेदारी अब इनके कंधों पर है। उम्मीद जताई गई कि नई कार्यकारिणी पिछले वर्ष की तरह समाज के लिए लाभदायक योजनाएं और रचनात्मक गतिविधियां आगे बढ़ाएगी।
समारोह के दौरान नव नियुक्त सदस्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। संस्थान के प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने पिछले वर्ष की टीम द्वारा किए गए समाजसेवी प्रकल्पों की सराहना की और नई टीम को समाज सेवा और आपसी सहयोग की भावना को आगे ले जाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी रोटरी सदस्यों और अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह और सौहार्द का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए समाज के लिए और बेहतर काम करने का संकल्प लिया।
