लखनऊ में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर ताबड़तोड़ बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई दुबग्गा और ठाकुरगंज इलाके में हुई, जहां करीब 50 बीघा जमीन पर बिना अनुमति के प्लॉट काटे जा रहे थे। एलडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी जमीन को समतल कर दिया। इसके साथ ही 6 अवैध कॉमर्शियल निर्माणों को सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार, ये निर्माण बिना नक्शा पास कराए और नियमों का उल्लंघन करते हुए किए जा रहे थे। एलडीए ने यह कार्रवाई कई शिकायतें मिलने के बाद की, ताकि शहर में अवैध कॉलोनियों और गलत तरीके से हो रही प्लॉटिंग पर रोक लगाई जा सके। एलडीए ने लोगों को चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के प्लॉटिंग या निर्माण न करे, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ में एलडीए की बड़ी कार्रवाई: 50 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, 6 कॉमर्शियल इमारतें सील
