दादरी थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक युवक ने गुस्से में आकर दो नाबालिग किशोरों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह झगड़ा एक लड़की को लेकर हुआ था। दोनों किशोर उसी लड़की को पसंद करते थे, इसी बात पर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी युवक शावेज पुत्र राजुद्दीन ने घर जाकर चाकू लाया और दोनों पर वार कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कटहेड़ा रोड तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि दोनों घायल किशोरों का इलाज जारी है।
