नई दिल्ली: अगर आप तीखे और चटपटे खाने के शौकीन हैं, तो आपके लिए एक शानदार खबर है। अब आप घर पर ही बिना किसी प्रिजर्वेटिव के लाल मिर्च का भरवां अचार तैयार कर सकते हैं, जो सालों तक खराब नहीं होगा।
यूट्यूबर पूनम देवनानी ने इस अचार को मिनटों में तैयार करने का आसान तरीका बताया है। खास बात यह है कि यह अचार लंबे समय तक ताजा बना रहेगा और खाने में जबरदस्त स्वाद देगा।
अचार बनाने के लिए जरूरी सामग्री
300 ग्राम लाल मिर्च
2 चम्मच जीरा, सूखा धनिया और सौंफ
½ चम्मच मेथी दाना, 4 चम्मच पीली राई
1 छोटा चम्मच कलौंजी
2 चम्मच नमक, 1 चम्मच काला नमक
2 चम्मच आमचूर पाउडर
1 चम्मच हल्दी, ½ चम्मच हींग
¼ कप वाइट विनेगर (या 2 नींबू का रस)
100-125 ग्राम सरसों का तेल
1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर (रंग के लिए)
अचार बनाने की विधि
1. मसाले तैयार करें:
एक पैन में जीरा, धनिया और सौंफ को हल्की आंच पर भूनें और दरदरा पीस लें।
इसी पैन में मेथी दाना, पीली राई और कलौंजी को भी हल्का सेंक लें।
सभी मसालों को मिलाकर इसमें नमक, काला नमक, हल्दी, हींग और आमचूर डालें।
मसाले में वाइट विनेगर या नींबू का रस मिलाएं।
2. मिर्च में भरें मसाला:
लाल मिर्च के डंठल हटाकर साइड से हल्का चीरा लगाएं।
मिर्च के अंदर के बीज निकालना चाहें तो निकाल सकते हैं।
तैयार मसाले को मिर्च के अंदर भरें।
3. अचार को स्टोर करें:
एक कांच के जार में सारी मिर्च को डालें।
गर्म किया हुआ सरसों का तेल ठंडा करके उसमें कश्मीरी मिर्च मिलाएं और फिर इसे अचार में डाल दें।
जार को हल्के से हिलाकर मसाले और तेल को अच्छे से मिक्स करें।
अब आपका लाल मिर्च का भरवां अचार तैयार है! इसे 2-3 दिन तक धूप में रखें ताकि स्वाद और ज्यादा बढ़ जाए। इस अचार को आप महीनों तक स्टोर कर सकते हैं और खाने के साथ इसका मजा ले सकते हैं।
