नोएडा सेक्टर-110 स्थित लोटस पनाश सोसायटी में 14 महीने से लंबित अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) चुनाव की तारीख आखिरकार घोषित कर दी गई है। रविवार को डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा नियुक्त चुनाव अधिकारी सोसायटी पहुंचे और 23 मार्च को मतदान कराने की घोषणा की।
गौरतलब है कि समय पर चुनाव न होने के कारण 2023 के अंत में निवासियों की शिकायत के बाद एओए कार्यकारिणी को कालातीत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद दिसंबर 2023 में चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के लिए एक अधिकारी नियुक्त किया गया, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। बाद में नियुक्त अधिकारी के सेवानिवृत्त होने के कारण चुनाव फिर टल गए।
दिसंबर 2024 में डिप्टी रजिस्ट्रार ने जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी शिवराज को नया चुनाव अधिकारी नियुक्त किया। पत्र मिलने में देरी के चलते वे रविवार को सोसायटी पहुंचे और मतदान की तारीख तय की। जल्द ही मतदान प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसमें वर्तमान (कालातीत) एओए कार्यकारिणी से मतदाता सूची मांगी जाएगी।
