दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बारिश के चलते जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, वहीं उमस ने अब भी परेशान कर रखा है। मौसम विभाग ने बताया है कि नमी के कारण दिनभर वातावरण भारी बना रहेगा और हीट इंडेक्स यानी महसूस होने वाला तापमान अधिक बना रह सकता है।
इस बीच यमुना नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। विभाग की मानें तो अगले 24 से 48 घंटे में जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। प्रशासन ने बाढ़ संभावित इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
उत्तराखंड, पश्चिमी यूपी और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके असर से दिल्ली में भी मौसम अगले कुछ दिनों तक बदला-बदला रह सकता है।
