मुंबई, 20 जुलाई 2025:
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख़ खान को उनकी आगामी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग के दौरान चोट लग गई है। यह घटना मुंबई के गोल्डन टोबैको स्टूडियो में एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान हुई, जहां उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव आया। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार अभिनेता को कम से कम एक महीने का विश्राम करना होगा।
चोट लगने के बाद अभिनेता इलाज के लिए अमेरिका रवाना हो गए हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि यह कोई गंभीर हड्डी संबंधी चोट नहीं है, लेकिन पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा।
फिल्म ‘किंग’ के निर्माता-निर्देशक ने फिलहाल शूटिंग को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। संभावना है कि फिल्म की शूटिंग अब सितंबर के अंत या अक्टूबर से दोबारा शुरू की जाएगी।
इस बीच, शाहरुख़ खान के प्रशंसकों के साथ-साथ बॉलीवुड के कई सितारों और राजनेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अभिनेता के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है।
गौरतलब है कि फिल्म ‘किंग’ में शाहरुख़ के साथ सहान्हा खान, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन और अनिल कपूर जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं। यह फिल्म एक एक्शन-थ्रिलर बताई जा रही है, जिसकी शूटिंग भारत और विदेशों में की जा रही है।
फिल्म के सेट से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अभिनेता की सेहत पूरी तरह दुरुस्त होने के बाद ही आगे की शूटिंग की जाएगी।
