सड़कों पर ट्रैफिक जाम की संभावना, वाहन चालकों को डायवर्जन का पालन करने की सलाह।

दस दिनों तक चले गणपति उत्सव का आज समापन हो रहा है, और बाप्पा की विदाई का समय आ गया है। अंतिम दिन पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है, जो बाप्पा के दर्शन के लिए उमड़ रही है। यह उत्सव सात सितंबर से शुरू हुआ था और आज विसर्जन के साथ समाप्त होगा। विसर्जन के कारण सड़कों पर ट्रैफिक जाम की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए नोएडा पुलिस ने ट्रैफिक के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

17 सितंबर 2024 को सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन का आयोजन यमुना नदी के कालिंदी मार्ग, हिंडन नदी के कुलेशरा घाट और किसान चौक के पास किया जाएगा। इस दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन लागू किया गया है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित मार्गों का प्रयोग करें। डायवर्जन के तहत, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से कालिंदी बार्डर की ओर जाने वाला ट्रैफिक चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा केंद्र की तरफ मोड़ा जाएगा और डीएनडी या चिल्ला से होकर जाएगा।

इसी प्रकार, सेक्टर-37 से कालिंदी बार्डर की ओर जाने वाला यातायात महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा केंद्र की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, कालिंदी बार्डर से सेक्टर-37 की ओर आने वाला ट्रैफिक यू-टर्न लेकर दिल्ली की तरफ भेजा जाएगा।

सूरजपुर से हिन्डन नदी की ओर जाने वाले वाहनों को अब कच्ची सड़क तिराहे से चौगानपुर की ओर मोड़ा जाएगा, और ये वाहन बिसरख हनुमान मंदिर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। फेस-2 से हिन्डन नदी की ओर जाने वाले यातायात को ककराला की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा, जो सौरखा और बिसरख हनुमान मंदिर के रास्ते से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

किसान चौक से पर्थला की ओर जाने वाले वाहनों को अब किसान चौक से बिसरख की तरफ मोड़ दिया जाएगा, और ये वाहन सौरखा से पर्थला होकर अपनी मंजिल तक जाएंगे। पर्थला से किसान चौक की दिशा में जाने वाले यातायात को पर्थला गोल चक्कर से सौरखा की ओर मोड़ा जाएगा, जो बिसरख और सौरखा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *