ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर क्षेत्र में नकली सोना और चांदी बेचकर करोड़ों की ठगी करने वाले फर्जी सुनार पंकज कपूर को थाना सूरजपुर पुलिस और सर्विलांस टीम ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित साया अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से नकली सोने-चांदी के आभूषण, चांदी जैसे सिक्के, नकली मूर्तियां, एक इलेक्ट्रॉनिक टैग प्रिंटर मशीन और 50,500 रुपये नकद बरामद किए। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा ने टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
आरोपी पंकज कपूर पैरामाउंट सोसायटी में ज्वैलर्स शॉप चलाता था और खुद को सुनार बताकर लोगों को कम कीमत पर शुद्ध सोने के जेवर देने का झांसा देता था। वह नकली पीली धातु पर शुद्धता की मुहर लगाकर लाखों में आभूषण बेच देता था। अप्रैल 2025 में उसने दिवाकर नामक व्यक्ति को चार नकली सोने के बिस्किट और एक हार करीब 15 लाख रुपये में बेच दिए थे। मार्च में उसने एक अन्य ग्राहक की चैन गिरवी रखकर रकम लेने के बाद संपर्क तोड़ दिया था।
पुलिस जांच में पता चला कि पंकज कई सालों से नकली आभूषणों की ठगी कर रहा था और उसके खिलाफ गाजियाबाद व गौतमबुद्धनगर के कई थानों में धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वह करीब एक साल से फरार था और अब सेक्टर-142 में नई दुकान खोलकर फिर धोखाधड़ी शुरू कर चुका था। गिरफ्तार आरोपी पर सूरजपुर में दर्ज दो बड़े मामलों सहित गैंगस्टर एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद सामान को सील कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
