नोएडा। सामुदायिक रेडियो “सलाम नमस्ते” में न्यूट्री इंडिया सम्मान का आयोजन किया गया, जहां स्वस्थ जीवन शैली और पोषण के महत्व पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन स्टेशन हेड वर्षा छबारिया ने किया। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम एनटीपीसी दादरी और पुष्टाहार विभाग गौतमबुद्धनगर के सहयोग से वर्षभर चलने वाले न्यूट्री इंडिया कैंपेन का हिस्सा है। इस अभियान के तहत समाज में स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता फैलाने में योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बिसाहड़ा गांव के प्रधान नरेन्द्र प्रताप सिंह, शिक्षिका सरिता कौशिक और जल सखी विजय कुमारी ने अपने विचार साझा किए। नरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन शैली को अपनाना हर व्यक्ति का उद्देश्य होना चाहिए।
इस अभियान के तहत सालभर कई गतिविधियां जैसे न्यूट्री जल, चैंपियन बेटी, बाल पोषण सप्ताह और पोषण उत्सव आयोजित किए गए। कार्यक्रम में पोषण और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने अपने क्षेत्रों में किए गए सकारात्मक प्रयासों पर चर्चा की और भविष्य में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बदलाव लाने का संकल्प लिया।
