नई दिल्ली। हिंदू पंचांग के अनुसार, वर्ष 2025 में सावन माह की शुरुआत 7 जुलाई, सोमवार से हो रही है। खास बात यह है कि इस बार सावन की पहली तारीख को ही पहला सोमवार पड़ रहा है, जिससे इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है। शिव भक्त इस पावन अवसर पर भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
पंडितों और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन की पहली सोमवारी पर यदि श्रद्धा से शिवलिंग का पूजन कर कुछ खास वस्तुएं अर्पित की जाएं तो भगवान शिव की कृपा शीघ्र प्राप्त होती है और जीवन में सुख-शांति, आरोग्यता तथा समृद्धि आती है।
ये चीजें चढ़ाने से प्रसन्न होते हैं भोलेनाथ: इस दिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान कर शिव मंदिर जाकर शिवलिंग पर जल, गंगाजल, कच्चा दूध, शहद, बेलपत्र, सफेद फूल, चंदन, धतूरा और भांग अर्पित करने की परंपरा है।
इसके साथ ही श्रद्धालु “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप कर शिवजी को रुद्राभिषेक करते हैं।
जानकारों की राय:
पंडितों के अनुसार, बेलपत्र, भांग और धतूरा भगवान शिव को अतिप्रिय हैं। इनका पूजन में प्रयोग करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
वहीं सफेद फूल और अक्षत (पूरे चावल) चढ़ाने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़:
सावन की पहली सोमवारी पर देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। कई जगहों पर कांवर यात्राएं भी निकाली जा रही हैं। श्रद्धालु जल लेकर शिवलिंग पर अर्पित कर रहे हैं।
धार्मिक दृष्टिकोण से यह समय आत्मशुद्धि और ईश्वर भक्ति का सबसे उत्तम अवसर माना जाता है। ऐसे में शिव भक्तों के लिए सावन की यह पहली सोमवारी बेहद खास और शुभ मानी जा रही है।
