जयपुर-अजमेर हाईवे पर शुक्रवार सुबह हुए गैस टैंकर हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, एसएमएस अस्पताल में 13 और जयपुरिया अस्पताल में 1 घायल की मौत हुई। हादसे में 35 से अधिक गाड़ियां जलकर खाक हो गईं।
कैसे हुआ हादसा
शुक्रवार सुबह 5:30 बजे एक ट्रक ने सीएनजी से भरे टैंकर को टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इस दुर्घटना में 14 लोगों की जान चली गई और 44 लोग बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
जांच के आदेश
जयपुर के जिला कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी ने हादसे की जांच के लिए छह अधिकारियों की एक टीम बनाई है। यह टीम घटना की विस्तृत जांच करेगी। राज्य सरकार ने इस जांच कमेटी के गठन के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट्स को सुधारने का विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुधार कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि ऐसे हादसों से जान-माल का नुकसान रोका जा सके।
